Pages

Wednesday 10 February 2016

रागों के ज्ञान के बिना लोक गीत और संगीत की नहीं की जा सकती कल्पना : अशोक

फोटो समाचार
रागों के ज्ञान के बिना लोक गीत और संगीत की नहीं की जा सकती कल्पना : अशोक
पांच जिलों के लोक कलाकारों को नई धुन और नये गीत बनाने के सिखाए गुर, 50 से ज्यादा नये गीत लिखने का दिया कलाकारों को लक्ष्य



कुरुक्षेत्र 9 फरवरी - कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय संगीत विभाग के सहायक प्रोफेसर डा. अशोक शर्मा ने कहा कि रागों के बिना लोकगीत और संगीत की कल्पना भी नहीं की जा सकती। लोक कलाकारों को रागों का ज्ञान और रियाज़ करने की निहायत जरुरत है। जब लोक कलाकार लोकगीत और संगीत में महारत हासिल कर लेगा, तो वह सरकार की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाकर समझा सकेगा। 
वे मंगलवार को सूचना, जन सम्पर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा की तरफ से मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर में चार दिवसीय हिसार मंडल के भजन पार्टी सदस्य व खंड प्रचार कार्यकर्ताओं की कार्यशाला में दूसरे दिन बोल रहे थे। उन्होंने कलाकारों को कला और साधना के बारे में बताते हुए कहा कि कला और साधना का उद्देश्य पवित्र है, उसको समझना जरूरी है। समाज में किसी को हंसना बेशक न आए, लेकिन संगीत और रोने की जानकारी सभी को रहती है। संगीत लय और सुर के पहियों पर टिका हुआ है। उन्होंने संगीत के साईटिफिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला और कहा कि स्वर छाया की तरह होता है। संगीत 12 स्वरों, जिसमें 7 कोमल, 4 शुद्ध और एक तीव्र स्वर शामिल हैं, से मिलकर बना है। संगीत को सीखने के लिए ध्यान की जरुरत है और ध्यान लगाकर निरंतर रियाज़ करने से संगीत की विधा में निखार आता है। संगीत को सीखने के लिए कोई उम्र निर्धारित नहीं है। संगीत को सीखने के साथ-साथ अपनी आदतों में भी सुधार लाने की जरुरत है। 
उन्होंने पंडित लख्मीचंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित लख्मीचंद ने समाज से जो ग्रहण किया, उन्होंने अपनी कला के माध्यम से समाज को वापस करने का भी काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि कलाकार को अपने मन के गुबार को निकालने के लिए संगीत का प्रयोग करना चाहिए और कलाकार को नियमित रूप से नई रचनाओं का सृजन करना चाहिए व साथ ही परम्परागत रचनाओं के सहेजने का भी काम करना चाहिए। 
वर्कशाप के दूसरे सत्र में सेवानिवृत जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी देवराज सिरोहीवाल ने कलाकारों को बदलते जीवन मूल्यों के अनुसार अपने आप को ढालने का संदेश देते हुए कहा कि कलाकारों को मंच पर आने से पहले उचित वेशभूषा पहननी चाहिए और मंच पर आने के बाद दर्शकों की नब्ज और मानसिकता को पहचानकर अपनी प्रस्तुति देनी चाहिए। कलाकार सरकार की सा$ख बनाने का काम करते हैं। इसलिए मंच पर कलाकारों को गंभीरता के साथ प्रस्तुति देनी चाहिए ताकि कलाकारों के गीत और संगीत से न केवल सरकार का संदेश आमजन तक पहुंचे, बल्कि सरकार की अच्छी सा$ख भी बन सके। इसके अलावा उन्होंने वीआईपी मीटिंग, छोटी व बड़ी जनसभाओं आदि विषयों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा गीतकार मांगे राम खत्री ने इसी सत्र में लोक कलाकारों को नये गीत तैयार करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी और राज्य सरकार की एक साल की उपलब्धियों के बारे में बताया। इस मौके पर जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी सुनील कुमार, एआईपीआरओ नरेंद्र सिंह, एआईपीआरओ धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद थे। 

फोटो समाचार
साई में राष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों की होगी सीधी भर्ती : रंधावा
साई में साईकलिंग, जूडो, हॉकी, वालीबॉल खेलों की आवासीय और गैर आवासीय के लिए ट्रायल प्रक्रिया 17 से 19 फरवरी तक, नामांकन प्रक्रिया 17 फरवरी को प्रात: 9 बजे से, खिलाडिय़ों को चयन के बाद मिलेंगी निशुल्क सुविधाएं 

कुरुक्षेत्र 9 फरवरी - भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र कुरुक्षेत्र के सहायक निदेशक बीएस रंधावा ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण की आवासीय और गैर आवासीय योजना के तहत साईकलिंग, जूडो, हॉकी व वालीबॉल खेलों में राष्ट्रीय स्तर के अव्वल आने वाले खिलाड़ी को सीधा प्रवेश दिया जाएगा। इन योजनाओं के तहत चयनित खिलाडिय़ों को भोजन, आवास, चिकित्सा, बीमा, खेल सामग्री, खेल किट व प्रशिक्षण आदि सुविधाएं निशुल्क मुहैया करवाई जाएंगी। इन खेलों के लिए ट्रायल प्रक्रिया 17 फरवरी से 19 फरवरी तक भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र कुरुक्षेत्र में शुरू होगी। 
वे मंगलवार को साई सेंटर कुरुक्षेत्र में ट्रायल प्रक्रिया की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और प्रशिक्षकों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में साईकलिंग के लिए 12 से 18 वर्ष तक के आयु वर्ग के आवासीय व गैर आवासीय लडक़े, जूडो के लिए 12 से 18 वर्ष के आयु, हॉकी के लिए 10 से 14 वर्ष तथा वालीबॉल के लिए 10 से 14 वर्ष तक के आयु वर्ग के खिलाडिय़ों की चयन प्रक्रिया भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण संस्थान कुरुक्षेत्र में की जाएगी। व्यक्तिगत व राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं के पहले तीन स्थान विजेता और अपने राज्य में पहले दो स्थान विजेता को सीधा भर्ती किया जा सकता है। सभी खिलाड़ी 17 फरवरी 2016 को प्रात: 9 बजे भारतीय खेल प्रशिक्षण केंद्र कुरुक्षेत्र में अपने साथ शैक्षणिक एवं खेल प्रतियोगिताओं व आयु के मूल प्रमाण-पत्र, मेडीकल फिटनेस प्रमाण, रिहायशी प्रमाण-पत्र व उनकी सत्यापित फोटो प्रतियां राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित व दो पासपोर्ट साईज व नवीनतम फोटोग्राफ  लाना सुनिश्चित करेंगे। चयन प्रक्रिया में चुने गए खिलाडिय़ों को मुफ्त भोजन, आवास, चिकित्सा, बीमा, खेल सामग्री, खेल किट व खेल प्रशिक्षण की उच्चतम सुविधाएं सम्बंधित खेल योजनाओं के अंतर्गत प्रदान की जाएंगी। 
उन्होंने कहा कि ट्रायल प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसके लिए प्रशिक्षकों व अधिकारियों की भी डयूटी लगा दी गई है। सभी प्रशिक्षक और अधिकारी ईमानदारी के साथ अपनी डयूटी का निर्वाह करेंगे। उन्होंने यह भी हिदायत दी कि सभी खेलों में चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और योग्यता के आधार पर ही खिलाड़ी का चयन किया जाए। इस मौके पर वरिष्ठ प्रशिक्षक बलवंत कौर, गुरविंद्र सिंह, सतपाल सिंह, सुखचैन सिंह, अमित कुमार गुज्जर सहित अन्य प्रशिक्षक व अधिकारी मौजूद थे। 

फोटो समाचार
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश उत्सव में मुख्यमंत्री करेंगे शिरकत : सुधा

कुरुक्षेत्र 9 फरवरी - थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह 350वां प्रकाश उत्सव संयोजन समिति हरियाणा की ओर से 26 फरवरी 2016 को राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वे गत दिवस देर सायं सर्किट हाऊस में इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संयोजन समिति के सदस्यों के साथ चर्चा कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कम्बोज भी पहुंचे। 
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के पंजाबी विभाग व गुरू गोबिंद सिंह के 350वें प्रकाश उत्सव सौजन्य समिति की ओर से सामुहिक रूप से पूरा साल हर जिले में मनाया जाएगा। इस श्रृंखला में सबसे पहला कार्यक्रम कुरुक्षेत्र की पावन धरा, जहां 10 सिख गुरुओं में से 8 गुरुओं का आर्शीवाद प्राप्त है, पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा से इस कार्यक्रम की शुरूआत की जा रही है। 26 फरवरी को प्रात: 11 बजे गुरुद्वारा छटी पातशाही कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इसके बाद कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में बाकी अन्य कार्यक्रम दोपहर 2.30 बजे तक होंगे व मुख्यमंत्री वहीं पर मौजूद रहेंगे। यह सारा कार्यक्रम गुरु तेग बहादुर जी व सरबंस दानी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन पर तथा उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न धार्मिक शख्सियतों पर आधारित होगा। 

फोटो समाचार
राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर्ड डाटाबेस में आधार संख्यांक का कार्य करना होगा 29 फरवरी तक पूरा : कुंडु

कुरुक्षेत्र 9 फरवरी - उपमंडल अधिकारी (ना.) थानेसर सतबीर कुुंडु ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर्ड डाटाबेस में आधार संख्यांक को डालने सम्बंधित कार्य एक फरवरी से शुरू कर दिया गया है, जिसे 29 फरवरी तक पूरा करना सुनिश्चित करना होगा। 
वे मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर्ड डाटाबेस में आधार संख्यांक को डालने सम्बंधी कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें उपमंडल के अंतर्गत सामान्य तौर पर रहने वाले सभी व्यक्तियों से सम्बंधित जानकारी घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा एकत्रित की जाएगी। 
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए प्रत्येक नगरपालिका व नगर परिषद में प्रशिक्षण भी दिया गया है। इसका बकायदा एक शैडयूल तैयार किया गया है। इस शैडयूल के अनुसार नगर परिषद थानेसर में 279 भाग होंगे। उन्होंने कहा कि तहसील थानेसर को 861 भागों में बांटा गया है। इसके लिए 10 फरवरी को भी पंचायत भवन में सुबह 9 बजे व दोपहर 2 बजे प्रशिक्षण देने का कार्य किया जाएगा।  इस मौके पर तहसीलदार ईश्वर, जिला सांख्यिकीय अधिकारी लक्की अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment