Pages

Tuesday 2 February 2016

सरस्वती महोत्सव को मनाया जाएगा पूरे हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ : रजिनिकांतन

फोटो समाचार
सरस्वती महोत्सव को मनाया जाएगा पूरे हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ : रजिनिकांतन
पिहोवा के सरस्वती तीर्थ पर सरस्वती महोत्सव के 12 फरवरी के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ऊमा भारती व मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे शामिल, सरस्वती हैरीटेज यात्रा पहुंचेगी 11 फरवरी को कुरुक्षेत्र में, 11 फरवरी को ज्योतिसर व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में होंगे कार्यक्रम, यूनिवर्सिटी कार्यक्रम में राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

कुरुक्षेत्र 2 फरवरी - उपायुक्त सीजी रजिनिकांतन ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से 10 से 12 फरवरी तक पिपली, ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और पिहोवा के सरस्वती तीर्थ पर सरस्वती महोत्सव कार्यक्रमों का आयोजन बड़े हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ किया जाएगा। इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अधिकारियों की डयूटियां लगा दी गई हैं। 
उपायुक्त सीजी रजिनिकांतन ने मंगलवार को देर सायं अपने कार्यालय में सरस्वती महोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि 10 फरवरी को पिहोवा में सरस्वती हैरीटेज बोर्ड के तत्वावधान में सायं 3 बजे एक प्रदर्शनी का उदघाटन किया जाएगा।  11 फरवरी को सरस्वती हैरीटेज यात्रा मुविंग एग्ज़ीबिशन के साथ लाडवा, मथाना से होती हुई पिपली में पहुंचेगी। यहां पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।  11 फरवरी को ही सायं 4 बजे ज्योतिसर में आरती और पूजा पाठ कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसी दिन ही सायं 5 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सरस्वती महोत्सव पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान सरस्वती हैरीटेज यात्रा भी पिपली, यूनिवर्सिटी, ज्योतिसर, मुर्तजापुर, पिहोवा, गुमथला से होती हुई कैथल की तरफ रवाना होगी। 
उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को पिहोवा में सरस्वती महोत्सव को लेकर सुबह 10 बजे एक शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा और दोपहर 3 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री ऊमा भारती शिरकत करेंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल अध्यक्षता करेंगे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों और जाने-माने कलाकारों द्वारा हरियाणा की संस्कृति से जुड़े लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों की डयूटियां लगा दी गई हैं। सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करेंगे। इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। इस मौके पर एडीसी प्रभजोत सिंह, नगराधीश डा. पूजा भारती, डीआरओ अशोक मलिक, डीडीपीओ कपिल शर्मा, डीआईपीआरओ सुनील कुमार, एआईपीआरओ नरेंद्र सिंह मौजूद थे। 

बॉक्स
किन-किन गांवों से गुजरेगी सरस्वती हैरीटेज यात्रा 

उपायुक्त सीजी रजिनिकांतन ने कहा कि सरस्वती महोत्सव समारोह के दौरान 10 फरवरी को यमुनानगर से सरस्वती हैरीटेज यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यह यात्रा यमुनानगर से 11 फरवरी को लाडवा में पहुंचेगी। यहां पहुंचने पर लाडवा विधायक डा. पवन सैनी स्वागत करेंगे। इसके पश्चात यह यात्रा मथाना गांव से होती हुई पिपली पहुंचेगी। यहां पहुंचने पर सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी व थानेसर विधायक सुभाष सुधा स्वागत करेंगे। इसके पश्चात कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सांसद राजकुमार सैनी व थानेसर विधायक सुभाष सुधा तथा ज्योतिसर में भी सरस्वती हैरीटेज यात्रा का स्वागत थानेसर विधायक सुभाष सुधा द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा यह यात्रा लोहार माजरा, भौर सैदां, मुर्तजापुर, चुनिया फार्म, संधौली से होती हुई पिहोवा में पहुंचेगी। पिहोवा में राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी व हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भारत भूषण भारती यात्रा का स्वागत करेंगे। इसके बाद गांव भेरियां में अम्बाला के विधायक असीम गोयल स्वागत करेंगे। यह यात्रा गुमथला गढ़ु, खेड़ी शीशगरां और थाना से होती हुई कैथल की तरफ अग्रसर होगी। 

फोटो समाचार
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हॉकी टीम के साथ किए गए पक्षपात रवैया को रखा जाएगा एआईयू के सामने : दलेल
नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी में रैफरी ने अपनाया पक्षपातपूर्ण रवैया, खेल निदेशक व प्रशिक्षकों ने की निंदा

कुरुक्षेत्र 2 फरवरी - कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय खेल निदेशालय के निदेशक एवं अर्जुन अवार्डी डा. दलेल सिंह ने कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रांगण में 28 जनवरी से एक फरवरी तक नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हॉकी चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया। इस चैम्पियनशिप में रैफरी ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया। इस रवैये के चलते कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम को हराने में रैफरी ने भूमिका निभाई। इस मामले को भारतीय विश्वविद्यालय संघ नई दिल्ली (एआईयू) के समक्ष रखा जाएगा। 
खेल निदेशक डा. दलेल सिंह ने मंगलवार को जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में कहा है कि लखनऊ में सम्पन्न हुए नार्थ जोन महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एक फरवरी को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और लखनऊ विश्वविद्यालय के बीच मैच खेला गया। इस मैच में रैफरी के पक्षपात रवैये के कारण मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय को जीत मिली। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खिलाडिय़ों एवं प्रशिक्षक शिव कुमार सैनी ने कई बार पक्षपात रवैये का विरोध किया और जिसके कारण कई बार बीच में मैच रूका भी। रैफरी से बार-बार अनुरोध किया गया लेकिन रैफरी ने टीम को डिसक्वालीफाई करने जैसे शब्द भी कहे। उन्होंने कहा कि टीम के वापस आने पर प्रशिक्षक एसके सैनी व मैनेजर आजाद सिंह से रिपोर्ट तलब की गई। इस रिपोर्ट के आधार पर तथ्य सामने आए कि महिला हॉकी खिलाडिय़ों ने मेजबान लखनऊ की टीम के साथ हुए मैच के रैफरी के साथ किसी प्रकार का दुव्र्यवहार व मारपीट नहीं की गई, अपितु रैफरी का ही रवैया संतोषजनक नहीं रहा। रैफरी के इस निर्णय से हॉकी की खिलाडिय़ों को निराश होना पड़ा। हालांकि हॉकी की टीम ने कांस्य पदक जरूर हासिल किया है। 
उन्होंने कहा कि रैफरी के रवैये की शिकायत एआईयू नई दिल्ली में की जाएगी और हॉकी इंडिया से मांग की जाएगी कि इस प्रकार के रैफरी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि खिलाड़ी भविष्य में खेल भावना के साथ खेल सकें और अपनी प्रतिभा को सबके सामने रख सकें। इतना ही नहीं, एआईयू से यह भी मांग की जाएगी कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और लखनऊ विश्वविद्यालय के बीच किसी दूसरी जगह पर हॉकी का मैच करवाया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और लखनऊ यूनिवर्सिटी को दोबारा मेजबानी का मौका भी न दिया जाए। उन्होंने कहा कि हॉकी इंडिया से रैफरी के विरूद्ध अपील की जाएगी कि उनके विरूद्ध आजीवन प्रतिबंध लगाया जाए ताकि भविष्य में राष्ट्रीय खेल को शर्मिंदगी न उठानी पड़े। इस मौके पर हॉकी कोच शिव कुमार सैनी व मैनेजर आजाद सिंह भी मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment