फोटो समाचार
संगीत की परिभाषा को शब्दों में नहीं बांधा जा सकता : बालकिशन
बीपीडब्ल्यू को बताए मंच संचालन के गुर, सरकार की योजनाओं का लोकगीतों से पहुंचाया जा सकता है आमजन तक, अम्बाला मंडल की कार्यशाला आज होगी सम्पन्न
कुरुक्षेत्र 25 फरवरी - हरियाणा प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकार बालकिशन जुआ ने कहा कि संगीत की परिभाषा को शब्दों में नहीं बांधा जा सकता। संगीत को परमात्मा के रूप में देखा जा सकता है। जिस प्रकार परमात्मा का केवल मन से ही महसूस किया जा सकता है, ठीक उसी तरह संगीत को भी मन से महसूस किया जा सकता है।
लोक कलाकार बालकिशन जुआ ने दोपहर सत्र में लोक कलाकारों को रागनी, भजन, गज़ल गाकर राष्ट्रव्यापी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत अभियान को गीतों के माध्यम से किस प्रकार लोगों तक पहुंचाया जा सकता है और गीतों में पूरी संवेदना भरकर किस प्रकार लोगों को गीतों के साथ जोड़ा जा सकता है, पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम लोक कलाकारों को अपने साज, वाद्य यंत्रों को परमात्मा की तरह पूजना चाहिए। अगर कलाकार वाद्य यंत्रों की ही कद्र नहीं करेगा तो वे अपने मुकाम और उद्देश्य में भी सफल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने सुर, लय और उच्चारण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगीत में ही परमात्मा निहित है। भगवान श्रीकृष्ण ने बांसुरी का प्रयोग कर पूरे समाज को अपने इस वाद्य यंत्र का दिवाना बनाया। संगीत सदियों से भारत की भूमि से जुड़ा हुआ है लेकिन जमाने के बदलने के साथ लोकगीत, संगीत का स्वरूप भी बदला है। लोक कलाकारों को परम्परागत लोक गीतों के साथ कुछ नयापन भी जोडऩे की जरुरत है।
मुख्यमंत्री की लाडवा रैली स्थगित
कुरुक्षेत्र 25 फरवरी - लाडवा के विधायक डा. पवन सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की 28 फरवरी को लाडवा में होने वाली जनसभा को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने आज यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा है कि हरियाणा प्रदेश के माहौल को देखते हुए मुख्यमंत्री की 28 फरवरी को लाडवा में होने वाली जनसभा को स्थगित किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र ही लाडवा हल्का की जनसभा की नई तिथि दी जाएगी।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 26 को
कुरुक्षेत्र 25 फरवरी - कुरुक्षेत्र पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र में 26 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर हमारा रहस्यमय ब्रहमांड चुनौतियां व उपलब्धियां विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए पैनोरमा विज्ञान केंद्र के प्रभारी राज महरौत्रा ने बताया कि पैनोरमा में 26 फरवरी को सुबह 10 बजे राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के विज्ञान एवं तकनीकी विषय के भूतपूर्व विशेष कार्य अधिकारी डा. ओमप्रकाश पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान चित्रकला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व पुरस्कार वितरण का आयोजन किया जाएगा।
एसडीएम 29 को लेंगे अधिकारियों की बैठक
पिहोवा 25 फरवरी - एसडीएम नरेंद्र पाल सिंह 29 फरवरी को सायं 3 बजे किसान विश्रामगृह में हल्का में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा व कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की बैठक लेंगे। उन्होंने कहा कि उपमंडल के सभी अधिकारी 29 फरवरी को सायं 3 बजे होने वाली इस बैठक में समय पर पहुंचना सुनिश्वित करें। सभी अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि अपने-अपने विभाग की योजनाओं, विकास कार्यों की अपटूडेट रिपोर्ट भी साथ लेकर आएंगे।
No comments:
Post a Comment